हैदराबाद (ईएमएस)। सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हुए आईपीएल मुकाबले में अपनी शतकीय पारी के दौरान ही दो बड़े रिकार्ड तोड़ दिये। ये रिकार्ड वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर क्रिस गेल और ऑस्ट्रेलिया के आरोन फिंच के नाम थे। अभिषेक ने दिल्ली के खिलाफ 68 गेंदों में 198 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 135 रन बनाये। इस पारी में अभिषेक ने 10 चौके और 10 छक्के लगाए। अभिषेक इस इनिंग के साथ ही टी20 क्रिकेट में सबसे अधिक बार 130 से अधिक रनों की पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह कारनामा चौथी बार किया है। अभिषेक ने इस मामले में गेल और फिंच को पीछे छोड़ा है। गेल-फिंच ने टी20 क्रिकेट में 3 बार 130 से अधिक रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा अभिषेक ने अपनी इस पारी में टी20 क्रिकेट में 350 छक्के भी पूरे किए। वह क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में भारत की तरफ से संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अभिषेक ने टी20 क्रिकेट में यह 9वां शतक लगाया है। अभिषेक से पहले विराट कोहली ने भी इस प्रारुप में 9 शतक लगाए हैं। ईएमएस 22 अप्रैल 2026