खेल
22-Apr-2026


जमैका (ईएमएस)। वेस्टइंडीज में पारी प्रथम श्रेणी क्रिकेट लीग में त्रिनिदाद एंड टोबैगो के युवा तेज गेंदबाज जेडन सील्स के पास 10 विकेट लेने का अवसर था पर वह ये उपलब्धि हासिल नहीं कर पाये। सील्स लीवार्ड आइलैंड की पूरी टीम को अकेले ऑलआउट करने जा रहे थे पर इस मैच को बीच में ही रोकने के बाद रद्द कर दिया गया। इससे सील्स एक ऐतिहासिक रिकार्ड बनाने से रह गया। मैच रद्द होने का कारण पिच का खतरनाक और अप्रत्याशित व्यवहार था, जिसने खिलाड़ियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। यह वाकया लीवार्ड आइलैंड और त्रिनिदाद एंड टोबैगो के बीच खेला जा रहा था। इसमें लीवार्ड आइलैंड ने अपनी पहली पारी में 131 रन बनाए थे, जिसके जवाब में त्रिनिदाद एंड टोबैगो ने 175 रन बनाकर बढ़त हासिल की। जब लीवार्ड आइलैंड दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरी, तो पिच काफी अजीब व्यवहार कर रही थी। गेंद कभी बेहद नीची रहती, तो कभी असामान्य उछाल लेती, जिससे बल्लेबाजों के लिए खेलना बेहद कठिन हो गया था। इस चुनौतीपूर्ण माहौल में, त्रिनिदाद एंड टोबैगो के पेसर जेडन सील्स ने कहर बरपाना शुरू कर दिया। पहली पारी में तीन विकेट लेने वाले सील्स ने दूसरी पारी में अपनी रफ्तार और सटीकता से विरोधी टीम के शुरुआती सात बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया था। वे अकेले ही पूरी पूरी टीम को आउट करने की ओर बढ़ रहे थे तभी खेल को अचानक रोक दिया गया। मैच के बीच में रुकने का तात्कालिक कारण एक शॉर्ट पिच गेंद थी, जो लीवार्ड आइलैंड के बल्लेबाज जेरेमिया लुईस के हेलमेट पर जा लगी। गेंद की अप्रत्याशित उछाल ने लुईस को गंभीर रूप से हैरान किया। उन्होंने हेलमेट उतारा और मैदान पर ही गिर गए। इसके बाद उन्होंने निराशा में अपने हेलमेट को पैर से भी मारा, जो पिच की खतरनाक प्रकृति को स्पष्ट रूप से दिखाता था। इससे पहले भी पूरे दिन पिच पर असामान्य उछाल देखने को मिल रहा था, जिसे क्रिकेट में खतरनाक पिच की श्रेणी में रखा गया। ऐसी पिच पर खिलाड़ियों के गंभीर रूप से चोटिल होने का खतरा बहुत अधिक होता है। इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, मैच के तीसरे दिन ही खेल को रोकने के बाद रद्द कर दिया गया। इस फैसले से सील्स फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पूरी टीम के दस विकेट लेने का रिकार्ड अपने नाम नहीं कर पाये। ईएमएस 22 अप्रैल 2026