भिंड ( ईएमएस ) | मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार दिनांक 10 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक नारी शक्ति वंदन पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। उसी के क्रम में जिला भिण्ड अंतर्गत जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अंजू तोमर तथा खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी अजीम खान के समन्वय से जीवाजी क्लब भिण्ड में नारी शक्ति वंदन दीवार गतिविधि का आयोजन कराया गया। जिसमें खेल के क्षेत्र में विभिन्न स्तरों पर प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं द्वारा नारी शक्ति वंदन दीवार तैयार की गई, उनके द्वारा महिला सशक्तिकरण से संबंधित स्लोगन, कविताएं संदेश को दीवारों पर उकेरा गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग से बाल संरक्षण अधिकारी अजय सक्सेना, नीतू, ब्रजबाला यादव, प्रमोद गुप्ता, साधना तोमर, बलराम सोनी, खेल विभाग से रामबाबू कुशवाह, संजय पंकज और बालिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में जिला कार्यकारी अधिकारी श्रीमती अंजू तोमर द्वारा बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा गया कि जीवन में लक्ष्य बनाकर सकारात्मक रूप से उसको प्राप्त करने के प्रयास करना चाहिए, केवल प्रयास आपके हाथ में है, इसलिए प्रयासों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होना चाहिए। जब आपके प्रयास उत्कृष्ट होते हैं तो नियति भी उन्हें पूरा करने में आपका सहयोग करती है आपके प्रयास और नियति का सहयोग मिलकर ही सफलता रूपी चमत्कार को जन्म देता हैं यही सफलता का आयाम है। खेल युवा कल्याण अधिकारी श्री अजीम खान ने भी बालिकाओं को संबोधित किया और कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल एक या दो दिन की गतिविधि नहीं है।