ट्रेंडिंग
22-Apr-2026
...


-सैन्य लड़ाकू और परिवहन विमानों ने टेकऑफ और लैंडिंग कर दिखाई अपनी क्षमता सुल्तानपुर,(ईएमएस)। उत्तरप्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भारतीय वायुसेना का बड़ा एयर शो और अभ्यास आयोजित हुआ, जिसमें लड़ाकू और परिवहन विमानों ने हाईवे पर बने विशेष रनवे पर टेकऑफ और लैंडिंग कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। यह अभ्यास सुल्तानपुर जिले के अरवल कीरी करवत क्षेत्र में स्थित करीब 3.2 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी पर किया गया, इस एक्सप्रेसवे के हिस्से के रूप में विशेष रूप से तैयार किया है। दोपहर करीब 2 बजे कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें सबसे पहले सी-295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट ने सफल लैंडिंग की। इसके बाद वायुसेना के लड़ाकू विमान जैसे जगुआर, सुखोई-30, मिराज-2000 और तेजस ने लगातार टेकऑफ और लैंडिंग करते हुए “टच एंड गो” अभ्यास किया। इस दौरान विमानों की सटीकता, गति और आपातकालीन परिस्थितियों में हाईवे रनवे के उपयोग की क्षमता का परीक्षण किया गया। इस एयर शो में कमांडो द्वारा स्लिथरिंग ऑपरेशन भी दिखाया गया, इसमें आपातकालीन स्थितियों में त्वरित तैनाती और बचाव कार्यों का प्रदर्शन हुआ। अधिकारियों ने बताया कि यह अभ्यास केवल दिन में ही नहीं, बल्कि रात में भी लैंडिंग और टेकऑफ की संभावनाओं को परखने के लिए किया जा रहा है। करीब 6 घंटे तक चलने वाले आयोजन के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एक्सप्रेसवे के लगभग 5 किलोमीटर के दायरे को आम जनता के लिए सीमित किया गया है और ट्रैफिक को नियंत्रित रखा गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। यह पहली बार नहीं है जब पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर इस तरह का अभ्यास हुआ हो। इससे पहले जून 2023 में भी करीब 4 घंटे का अभ्यास किया गया था। इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 16 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था, जब वे स्वयं भारतीय वायुसेना के हरक्युलिस विमान से यहां उतरे थे। लखनऊ से गाजीपुर तक फैले 341 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे की कुल लागत लगभग 22,494 करोड़ रुपये रही है और इसका निर्माण अक्टूबर 2018 में शुरू होकर सितंबर 2021 में पूरा हुआ था। यह अभ्यास भारतीय वायुसेना की त्वरित तैनाती क्षमता और रणनीतिक तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आशीष दुबे / 22 अप्रैल 2026