- अब जमीन देने पर मिलेगा 4 गुना मुआवजा - विकास परियोजनाओं के लिए जमीन देना अब होगा फायदे का सौदा भोपाल, (ईएमएस)। किसान कल्याण वर्ष 2026 में मप्र सरकार ने किसानों को बड़ी सौगात दी है। इसकी जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने बताया कि किसानों के हित में बड़ा निर्णय लिया गया। अब विकास परियोजनाओं के लिए किसानों से किए जाने वाले भू अर्जन पर चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। इसके लिए 2015 के नियम में संशोधन करने का निर्णय लिया गया। अब गुणांक दो तक भू अर्जन के लिए होगा। अभी यह एक था, जिसके कारण किसानों को भू अर्जन की स्थिति में दो गुना राशि ही मिल पाती थी। इसके कारण किसान भूमि देने में आनाकानी करते थे, जिसका असर परियोजनाओं पर पड़ता था। मुख्यमंत्री ने इस विषय की निराकरण के लिए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप की समिति बनाई थी। मल्टीप्लिकेशन फैक्टर 2 के तहत मुआवजा प्रदेश के किसानों को अब मल्टीप्लिकेशन फैक्टर 2 के तहत मुआवजा दिया जाएगा। केन्द्र सरकार के एक्ट की प्रथम अनुसूची में ग्रामीण क्षेत्रों में अधिग्रहण होने पर बाजार मूल्य को 1 से 2 के बीच के फैक्टर से गुणा करने का प्रावधान है। हालांकि यह तय करने का अधिकार राज्य सरकारों को है।मध्य प्रदेश में अभी ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण होने की स्थिति में आमतौर पर फैक्टर 1.00 निर्धारित किया गया है। राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने बताया कि फैक्टर एक में किसानों को दोगुना मुआवजा दिया जाता है, लेकिन अब इसमें फैक्टर दो लागू किया गया है।यानी किसानों को भूमि अधिग्रहण की स्थिति में 4 गुना मुआवजा दिया जाएगा।