अंतर्राष्ट्रीय
23-Apr-2026


विमानन कंपनियां 17 शहरों के लिए घरेलू उड़ानें शुरू करने की तैयारी में नई दिल्ली,(ईएमएस)। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (जेवर) से अगले माह उड़ानें शुरू होने की संभावना तेज होती जा रही है। जेवर एयरपोर्ट की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं और विमानन कंपनियां शुरुआती दौर में 17 शहरों के लिए घरेलू उड़ानें शुरू करने की योजना पर तेजी से काम कर रही हैं। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (वॉयएपीएल) की हाल ही में हुई बोर्ड बैठक में संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं और लंबित मुद्दों पर चर्चा हुई। अधिकारियों के अनुसार, मई के अंत तक घरेलू और कार्गो सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, सुरक्षा से जुड़े कुछ अहम क्लीयरेंस अभी बाकी हैं। गृह मंत्रालय की आपत्तियों को दूर करने की प्रक्रिया जारी है और ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी से अंतिम मंजूरी प्राप्त करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जेवर एयरपोर्ट पर शुरुआती चरण में 17 घरेलू उड़ानों के संचालन का प्रस्ताव है, लेकिन किन शहरों को जोड़ा जाएगा, इसका अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है। साथ ही टिकट बुकिंग और अन्य परिचालन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम जारी है। इंफ्रास्ट्रक्चर की बात कर रहे हैं एयरपोर्ट के विस्तार की दिशा में भी बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। अगले दो वर्षों में 25 अतिरिक्त विमान स्टैंड बनाने की योजना है, जिस पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च होगा। फिलहाल यहां 28 स्टैंड तैयार हैं, जिनमें 25 व्यावसायिक और 3 कार्गो विमानों के लिए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए 10 एयरोब्रिज भी तैयार किए गए हैं। एयरपोर्ट का उद्घाटन नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को किया था। पहले चरण में 1334 हेक्टेयर क्षेत्र विकसित किया गया है, जिसमें 3900 मीटर लंबा रनवे, यात्री टर्मिनल, एटीसी और कार्गो केंद्र शामिल हैं। यदि सभी तकनीकी और सुरक्षा मंजूरी समय पर मिल जाती है, तो यह एयरपोर्ट उत्तर भारत का प्रमुख एविएशन हब बन सकता है। आशीष दुबे / 23 अप्रैल 2026