महापौर श्रीमती मालती राय की विशेष उपस्थिति में कचरा पृथक्कीकरण प्रशिक्षण सह कार्यशाला सम्पन्न होटल राजहंस के स्टॉफ को दिया कचरा पृथक्कीकरण हेतु प्रशिक्षण भोपाल(ईएमएस)। महापौर श्रीमती मालती राय ने कहा है कि कचरा उत्सर्जन को कम करने के लिए हमें अधिक से अधिक प्रयास करना होंगे और प्लास्टिक डिस्पोजल्स एवं प्लास्टिक की छोटी बाटल जैसी चीजों के उपयोग को कम करते हुए रीयूजेबल कटलरी का पुनः अधिक से अधिक उपयोग करना होगा ताकि कचरे का उत्सर्जन कम किया जा सके। महापौर श्रीमती राय ने यह विचार आई.एस.बी.टी के समीप स्थित होटल राजहंस में कचरा पृथक्कीकरण के संबंध में आयोजित प्रशिक्षण सह कार्यशाला में व्यक्त किए। महापौर श्रीमती राय ने कचरे के पृथक्कीकरण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब गीला-सूखा व अन्य प्रकार कचरा अलग-अलग जाता है तो यह संसाधन के रूप में वापस आता है। कचरा अलग-अलग रखेंगे हम, भोपाल बनेगा नंबर 01 के संकल्प के साथ प्रशिक्षण सह कार्यशाला सम्पन्न हुई। महापौर श्रीमती मालती राय की विशेष उपस्थिति में गुरूवार को स्वच्छ भोपाल-स्वस्थ्य भोपाल के तहत होटल राजहंस के हाउस कीपिंग स्टॉफ एवं रसोई घर में कार्यरत कर्मचारियों को कचरा पृथक्कीकरण के संबंध में प्रशिक्षण देने हेतु प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस मौके पर महापौर श्रीमती राय ने उपस्थितजन को संबोधित करते हुए कहा कि गीला-सूखा व अन्य प्रकार कचरा आपस में मिक्स न करें, गीला-सूखा व अन्य प्रकार का कचरा अलग-अलग ही निगम के कचरा वाहनों को दिया जाए और निगम के स्वच्छता कार्य में सहयोग किया जाए। महापौर श्रीमती राय ने निर्देशित भी किया कि भोपाल के अन्य रेस्टोरेंट्स, ढ़ाबे और होटलों में भी इस प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाकर कचरा पृथक्कीकरण एवं कचरे का उत्सर्जन कम करने हेतु होटल संचालकों एवं अन्य स्टॉफ को प्रेरित किया जाए। इस दौरान निगम की स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर ‘‘स्वच्छता किटी’’ ग्रुप की सदस्यों ने 06 अलग-अलग प्रकार के डस्टबिन के उपयोग के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग रखे साथ ही सेनेटरी नेपकिन और डायपर को कचरे के साथ न रखे बल्कि इन्हें पृथक से ही रखा जाए और घरेलू खतरनाक कचरा जिसमें सी.एफ.एल और बचे हुए पेस्टीसाईटस होते है उन्हें भी अलग-अलग रखा जाए। प्रशिक्षण के दौरान सहभागियों ने अपने-अपने अनुभव भी साझा किए और संकल्प लिया कि कचरे को अलग-अलग रखेंगे हम, भोपाल बनेगा नंबर 01। प्रशिक्षण के दौरान होटल संचालक व अन्य स्टॉफ सहित निगम के स्वच्छता कार्य में सहयोगी भी मौजूद थे। हरि प्रसाद पाल / 23 अप्रैल, 2026