इन्दौर (ईएमएस) किराएदारों की जानकारी नहीं देने के चलते पुलिस ने दो मकान मालिकों के खिलाफ बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। मामला भंवरकुआं थाना क्षेत्र का है। थाना प्रभारी संतोष दूधी के अनुसार थाना क्षेत्र में किराएदार सत्यापन को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसके चलते आज चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में दो मल्टी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान टीम को नानक नगर स्थित 36/1 मल्टी और अयोध्यापुरी गणेश नगर की मल्टी में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। टीम ने जांच में पाया कि संचालक राहुल परमार और श्रीराम लिंबे द्वारा वहां रहने वाले किराएदारों की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई थी, जबकि यह अनिवार्य है। पुलिस के अनुसार दोनों संचालक पुलिस आयुक्त द्वारा जारी आदेशों का उल्लंघन कर रहे थे। मामले में अपराध क्रमांक 446/26 और 448/26 के तहत धारा 223 बीएनएस में दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आनंद पुरोहित/ 23 अप्रैल 2026