राज्य
23-Apr-2026


भोपाल/दतिया (ईएमएस)। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के दतिया वृत्‍त अंतर्गत कंपनी के मेन्‍टीनेन्‍स दल के साथ अभद्रता और मारपीट करने वाले तीन अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली दतिया में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराई गई है। गौरतलब है कि मध्‍य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के दतिया वृत्‍त अंतर्गत 22 अप्रैल 2026 की रात्रि लगभग 08:30 बजे, कंपनी के मेन्‍टीनेन्‍स दल के आउटसोर्स कर्मचारी गिर्राज रजक अपने साथी कुलदीप पाठक और पंकज मौर्य के साथ मुडियन के कुआं क्षेत्र में मेंटेनेंस कार्य पूर्ण कर कार्यालय लौट रहे थे। रास्ते में पुराने सरकारी स्कूल के पास एक सफेद रंग की स्कोर्पियो ने उनकी विभागीय गाड़ी को टक्कर मार दी। विरोध करने पर स्कोर्पियो सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और रामजी मंडपम के सामने गाड़ी रोककर उन पर हमला कर दिया । इस हमले में लाइन कर्मचारी कुलदीप पाठक को नाक और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि गिर्राज को गर्दन और सिर में चोटें पहुंची हैं । आरोपियों ने जाते समय कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद आउटसोर्स कर्मचारी गिर्राज रजक की शिकायत पर थाना कोतवाली दतिया द्वारा आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 115(2), 296(b), 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 0172/2026 पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है । मध्‍य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की उपभोक्‍ताओं से अपील मध्‍य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने समस्त उपभोक्ताओं और आमजन से अपील की है कि बिजली अमला उपभोक्‍ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्‍तापूर्ण बिजली आपूर्ति करने के साथ ही उपभोक्‍ता सेवा और राजस्व सुरक्षा के लिए कार्य करता है। कंपनी ने कहा है कि शासकीय कर्तव्य का पालन कर रहे बिजली अधिकारियों या कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार, मारपीट या धमकी देने जैसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध पुलिस में कड़ी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। हरि प्रसाद पाल / 23 अप्रैल, 2026