क्षेत्रीय
24-Apr-2026
...


- 19 वर्षीय युवक की मौत, भाई घायल जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करहि गांव में देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यवसायी के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में 19 वर्षीय आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई आशुतोष कश्यप घायल हो गया है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे तीन अज्ञात हमलावर घर के पीछे के रास्ते से सम्मेलाल कश्यप के मकान में घुसे। इसके बाद वे सीधे उस कमरे में पहुंचे, जहां आयुष, उसका भाई और बहन सो रहे थे। हमलावरों ने आयुष पर दो राउंड फायरिंग की एक गोली सीने और दूसरी कनपटी पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आशुतोष पर भी फायरिंग की गई, जिसमें गोली उसके हाथ में लगी। घटना के दौरान हमलावरों द्वारा पैसों की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि यह हमला लूट नहीं बल्कि व्यवसायिक रंजिश के चलते किया गया है। मृतक आयुष हाल ही में रेत के कारोबार से जुड़ा था और घटना से पहले वह रेत से जुड़े काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। मृतक के पिता सम्मेलाल कश्यप लोहा व्यापारी होने के साथ ब्लॉक कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं। घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप और जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। नेताओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए रेत माफिया की सक्रियता पर चिंता जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही एसपी निवेदिता पाल और एएसपी मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में तीन राउंड फायरिंग और एक मोबाइल फोन लूटकर ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से जांच की जा रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। (ईएमएस)24 अप्रैल 2026