- GAD के नाम पर जारी आदेश से मचा हड़कंप, FIR दर्ज रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी होने का गंभीर मामला सामने आया है। इस फर्जी आदेश में विभागीय सचिव और उप सचिव के डिजिटल हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया गया, जिससे मंत्रालय में हड़कंप मच गया है। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, अनुभाग अधिकारी राजपाल बघेल की शिकायत पर यह मामला सामने आया। उन्होंने बताया कि परिवहन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और स्कूल शिक्षा विभाग में भर्ती प्रक्रियाएं चल रही हैं। इसी बीच 5 मार्च 2026 की तारीख का एक फर्जी आदेश जारी किया गया, जिसमें नियुक्ति की अनुशंसा दर्शाई गई है। इस आदेश में सचिव रजत कुमार और उप सचिव शिव कुमार सिंह के डिजिटल हस्ताक्षर दिखाए गए हैं और इसे डाक के माध्यम से अभ्यर्थियों तक भेजा गया। फर्जी पत्र में उल्लेख किया गया है कि अभ्यर्थियों का चरित्र सत्यापन और प्रशिक्षण के बाद परीक्षा उत्तीर्ण करने की प्रत्याशा में नियुक्ति की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह पत्र कई अभ्यर्थियों तक पहुंच चुका है, जिससे भ्रम की स्थिति बन गई है। मामले के सामने आने के बाद ऑनलाइन प्रशासनिक सिस्टम की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वर्तमान में अधिकांश सरकारी कार्य, फाइल मूवमेंट और हस्ताक्षर डिजिटल माध्यम से ही किए जाते हैं, ऐसे में इस तरह की फर्जीवाड़े की घटना चिंताजनक मानी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि इस फर्जीवाड़े में विभाग के किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। (ईएमएस)24 अप्रैल 2026