छिंदवाड़ा (ईएमएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जीएम तरुण प्रकाश गुरुवार सुबह स्पेशल ट्रेन से छिंदवाड़ा मॉडल स्टेशन पहुंचे। वे स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लेने आए थे, लेकिन उनके दौरे ने ही यात्रियों को असुविधा में डाल दिया।दरअसल, जीएम की स्पेशल ट्रेन प्लेटफार्म नंबर-1 पर खड़ी थी, उसी समय पातालकोट एक्सप्रेस के आगमन का निर्धारित समय भी था। प्लेटफार्म खाली नहीं होने के कारण पातालकोट एक्सप्रेस को आउटर पर ही रोक दिया गया।तपती धूप में करीब एक घंटे तक ट्रेन आउटर पर खड़ी रही। सुबह 9:15 बजे छिंदवाड़ा पहुंचने वाली ट्रेन लगभग 10:15 बजे स्टेशन पहुंची। इस दौरान ट्रेन में सवार यात्री गर्मी और देरी से काफी परेशान होते रहे। यात्रियों का कहना है कि रेलवे अधिकारियों के दौरे के दौरान आम यात्रियों की सुविधा का ध्यान नहीं रखा गया, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ी।