24-Apr-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में फूड डिलीवरी एजेंट की मौत हो गई। खबर है कि तेज रफ्तार ऑटो ने पहले उसे टक्कर मारी, जिसके बाद पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद दोनों वाहन चालक मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान अखिलेश चौधरी कामत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह एक ऑर्डर डिलीवर करने के लिए जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में उसे तुरंत वी.एन. देसाई अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि अखिलेश मुंबई सेंट्रल में अपने चचेरे भाई के साथ रहता था। हादसे की सूचना उसके परिवार को दे दी गई है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ऑटो और ट्रक चालकों की पहचान की जा सके। - २४ अप्रैल/२०२६/ईएमएस