कांकेर(ईएमएस)। जिले के चारामा थाना क्षेत्र में नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के गर्भवती होने के बाद आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और फरार हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपनी नानी के घर रहकर मकान निर्माण में मजदूरी करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र निवासी प्रवीण कुरेटी (22 वर्ष) से हुई। आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ रखा और कई बार शारीरिक संबंध बनाए, जिससे पीड़िता 6 माह की गर्भवती हो गई। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। मामले में थाना चारामा में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देश पर एएसपी योगेश साहू, एएसपी दिनेश सिन्हा और एसडीओपी मोहसीन खान के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)24 अप्रैल 2026