क्षेत्रीय
24-Apr-2026
...


ठाणे, (ईएमएस)। नासिक के भोंदू बाबा अशोक खरात प्रकरण के बाद अब एक और भोंदू बाबा का पर्दाफाश हुआ है। ठाणे क्राइम ब्रांच यूनिट-1 की टीम ने ‘कैसिनो बाबा’ के नाम से कुख्यात मंजूनाथ शेट्टी उर्फ दीक्षित बाबा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई कासारवडवली पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के आधार पर की गई। जानकारी के अनुसार शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने महिलाओं को “काला जादू” और “अघोरी पूजा” के नाम पर डराकर उनके परिवार पर संकट आने की धमकी दी और इस बहाने उनसे लगभग 2.5 करोड़ रुपये नकद और सोने के आभूषण ठग लिए। पुलिस के अनुसार, वह महिलाओं को यह विश्वास दिलाता था कि उनके घर पर तंत्र-मंत्र या जादूटोना किया गया है और उसे दूर करने के लिए महंगे अनुष्ठान करने पड़ेंगे। मंजूनाथ शेट्टी को गोवा से पकड़ा गया, जहां वह ठाणे में ठगे गए पैसे लेकर कैसिनो और पांच सितारा होटलों में मौज-मस्ती करता था। बताया जा रहा है कि उसने एक रात में ही 14 लाख रुपये का बिल चुकाया था। जांच से यह भी सामने आया है कि गोवा के एक कैसिनो मैनेजर से उसका करीबी संबंध था और ठगे गए पैसे उसके बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने कितनी महिलाओं को अपने जाल में फंसाया और किन खातों में यह पैसा गया। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि जिन लोगों के साथ ऐसी धोखाधड़ी हुई है, वे तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करें। - २४ अप्रैल/२०२६/ईएमएस