कांकेर(ईएमएस)। शहर के बाइपास रोड स्थित ठेलकाबोड़–कोड़ेजुंगा क्रॉसिंग के पास आरईएस कॉलोनी मार्ग में बना स्पीड ब्रेकर लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्रेकर अत्यधिक ऊंचा और असमान तरीके से बनाया गया है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। इस ब्रेकर पर न तो कोई चेतावनी संकेतक लगाया गया है और न ही सफेद पट्टी पेंट की गई है। ऐसे में दूर से यह दिखाई नहीं देता और वाहन चालक पास पहुंचने के बाद ही इसे देख पाते हैं। खासकर रात के समय अंधेरे में यह और ज्यादा खतरनाक साबित हो रहा है। स्थिति और गंभीर तब हो जाती है जब ब्रेकर के दोनों ओर गड्ढे बने हुए हैं। अचानक ब्रेक लगाने या संतुलन बिगड़ने पर वाहन चालक गिरकर चोटिल हो सकते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां छोटी-मोटी दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ब्रेकर को मानक अनुसार दुरुस्त किया जाए, उस पर सफेद पट्टी और संकेतक लगाए जाएं। साथ ही दोनों ओर करीब 20 मीटर तक रेलिंग लगाने की भी जरूरत बताई गई है, ताकि वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। ईएमएस(राकेश गुप्ता)24 अप्रैल 2026