क्षेत्रीय
24-Apr-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। गुरुवार को बरगी के सालीवाडा ग्राम में स्थित नहर में रील बनाने के दौरान नहर के पानी के तेज बहाव में बहने वाली तीनों युवतियों की मौत हो गई है। शुक्रवार 24 अप्रैल को तीसरी नवयुवती 18 वर्षीय तनु पटेल का शव भी घटनास्थल से कुछ दूरी पर नहर में उतराते हुए बरामद कर लिया गया। इससे पहले गुरूवार को दो किशोरियों के शव रेस्क्यू के दौरान मिल चुके थे। गौरतलब हो कि सालीवाडा में पटेल परिवार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पांच लड़कियां आई थीं। गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे सभी नहर किनारे पहुंचीं, जहां चार लड़कियां पानी में उतरकर नहा रही थीं, जबकि एक किनारे खड़े होकर मोबाइल से रील बना रही थी। इसी दौरान नहर के तेज बहाव ने चारों को अपनी चपेट में ले लिया। उन्हें पानी में तेजी से बहता देख मौके पर मौजूद लड़की ने साहस दिखाते हुए एक किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी तीन लड़कियां बह गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और होमगार्ड का गोताखोर दल मौके पर पहुंचा और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शीतल पटेल (16) और सानिया पटेल (14) के शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर बरामद किए गए थे, जबकि तनु पटेल की तलाश जारी थी। 24 घंटे बाद मिला तनु का शव – इस हादसे के 24 घंटे बाद आज शुक्रवार को तनु का शव भी नहर में उतराते मिला, जिसके बाद इस हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच में लिया है। - 24 अप्रैल 2026/ 02.40