क्षेत्रीय
24-Apr-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। त्रिपुरी चौक गढ़ा स्थित शराब दुकान में 24 घंटे शराब मिलती है। दुकान बंद होने व खुलने का कोई समय नहीं है। दुकान का अहाता बंद होने के बाद भी खुले में शराब पिलाये जाने से आसपास का क्षेत्र ओपन वार में तब्दील हो जाता है। शराब दुकान संचालक द्वारा आबकारी नीति का उल्लंघन किए जाने का आरोप लगाते हुए शिवसेना ने कल जिला प्रमुख शैलू पटेल के नेतृत्व में त्रिपुरी शराब दुकान के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान गढ़ा थाना के एएसआई चंद्रकांत झा को शराब दुकान की मनमानी के खिलाफ आबकारी अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा गया। जिला प्रमुख शैलू सुजीत पटेल ने बताया कि शाम होते ही शराब दुकान के सामने से सड़क गायब हो जाती है। सड़कों पर शराबियों के अलावा कुछ नजर नहीं आता। जिससे आम जनता को वहां से निकलना मुश्किल हो जाता है। अत: शहर की सभी शराब दुकानों में पार्किंग की व्यवस्था की जाए एवं आबकारी नीति का सख्ती से पालन कराया जाए अन्यथा शिवसेना उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी जिसकी सारी जवाबदारी जिला प्रशासन एवं आबकारी प्रशासन की होगी। इस प्रदर्शन में क्षेत्रीय महिलाओं एवं बच्चों के साथ शिवसेना के राज्य उप प्रमुख शैलेंद्र बारी, जिला प्रमुख शैलू (सुजीत) पटेल, जिला सचिव गजानंद गुप्ता, मुकेश सराठे, असीम दुबे, भवानी शंकर, अमन बर्मन, आशीष तिवारी, प्रदीप बर्मन, दौलत बर्मन शिव सैनिक उपस्थित रहे। - 24 अप्रैल 2026/ 01.55