मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में कैब सेवा के क्षेत्र में ‘भारत टैक्सी’ सेवा की एंट्री हुई है। अब तक लोग रोज़मर्रा की यात्रा के लिए ओला और उबर जैसे ऐप्स का इस्तेमाल करते थे, लेकिन अब इनके मुकाबले के लिए ‘भारत टैक्सी’ सेवा शुरू कर दी गई है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई में इस नई सेवा को हरी झंडी दिखाई। कांदिवली पश्चिम में आयोजित कार्यक्रम में 500 से अधिक ऑटो और कैब चालक, परिवहन संगठनों के प्रतिनिधि और सहकारी संस्थाएं शामिल हुईं। आपको बता दें कि ‘भारत टैक्सी’ केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई एक नई कैब सेवा है, जिसका उद्देश्य ड्राइवरों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और यात्रियों को सस्ती व सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना है। यह सेवा पहले दिल्ली-एनसीआर, गुजरात, चंडीगढ़ और लखनऊ में शुरू हो चुकी है और अब मुंबई में भी लॉन्च की गई है। इस योजना के तहत ड्राइवरों को कई बड़े लाभ दिए जा रहे हैं जिनमें किसी भी तरह का कमीशन नहीं लिया जाएगा, यानी पूरा किराया ड्राइवर को मिलेगा, 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर, आसान और सस्ते कर्ज की सुविधा एवं मुद्रा लोन योजना का लाभ। साथ ही इस सेवा में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत पुलिस वेरिफिकेशन, मीटर आधारित किराया, इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम जैसी सुविधाएं शामिल हैं। * कितना होगा किराया ? ‘भारत टैक्सी’ का किराया दूरी के हिसाब से तय किया गया है- पहले 4 किलोमीटर के लिए 30 रुपया, 4 से 12 किलोमीटर तक 23 रुपया प्रति किमी और इसके बाद 18 प्रति किमी। किराया वाहन के प्रकार और यात्रा के समय के अनुसार भी बदल सकता है। स्वेता/संतोष झा-२४ अप्रैल/२०२६/ईएमएस