- 13 मजदूर मिले काम करते हुए; फैक्ट्री सील दुर्ग(ईएमएस)। जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से प्रतिबंधित गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई पुलिस ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से की। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री परिसर में बड़ी मात्रा में जर्दायुक्त गुटखा, पैकिंग सामग्री और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद की गईं। मौके पर 13 मजदूर काम करते हुए पाए गए, जो मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फैक्ट्री को तत्काल सील कर दिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में प्रतिबंधित गुटखा का बड़े पैमाने पर उत्पादन किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार, इस अवैध कारोबार के पीछे शामिल संचालकों और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)24 अप्रैल 2026