क्षेत्रीय
24-Apr-2026
...


- टूण्डला में फाइनेंस कर्मियों से लूट का खुलासा, मुठभेड़ में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार फिरोजाबाद(ईएमएस) जिले के टूण्डला थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े फाइनेंस कर्मियों से हुई लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो इनामी बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि इस पूरी लूट की साजिश खुद फाइनेंस कर्मचारी ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी। अपर पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को थाना टूण्डला पुलिस और सर्विलांस,एसओजी टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में वांछित आरोपी कुलदीप और निखिल उर्फ कान्हा पुराना बाईपास रोड हमीरपुर बंबा मार्ग पर रुपये के बंटवारे के लिए आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, लेकिन आरोपियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगी, जिससे वे घायल हो गए और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप पुत्र सतवीर सिंह और निखिल उर्फ कान्हा उर्फ गुलडोरी पुत्र सूरजभान, निवासी रिठोरी थाना कागारोल, जनपद आगरा के रूप में हुई है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। लूट की साजिश में फाइनेंस कर्मी ही निकला मास्टरमाइंड घटना की जांच के दौरान पुलिस ने फाइनेंस कर्मचारी अरविन्द सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। अरविन्द ने बताया कि उसने अपने ही साथियों कुलदीप, निखिल समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर लूट की पूरी साजिश रची थी। दरअसल, 22 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे कोटा फाइनेंस के कर्मचारी अरमान और अरविन्द बाइक से टूण्डला स्थित ऑफिस से रुपये लेकर बैंक जमा करने जा रहे थे इसी दौरान पीछे से आए बदमाशों ने झपट्टा मारकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। इस मामले में थाना टूण्डला में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, 4 खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटे गए 95,880 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। ईएमएस