सूरजपुर(ईएमएस)। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के देवनगर में एक शराबी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतिका की पहचान चिंतामनी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम संतलाल बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में मातम छा गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीती रात पति-पत्नी ने शराब का सेवन किया था। नशे की हालत में दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था। सत्यप्रकाश(ईएमएस)24 अप्रैल 2026