- तेज धूप और लू के बीच पौधारोपण पर सवाल जबलपुर, (ईएमएस)। रानी अवंती बाई वार्ड के अंतर्गत गौरैया घाट और गौर नदी के पास प्रस्तावित गार्डन के भूमि पूजन की चर्चा के बीच नगर निगम का अमला सक्रिय नजर आ रहा है। लेकिन इन तैयारियों के बीच एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है—क्या इस भीषण गर्मी में लगाए जा रहे पौधे कुछ दिन भी जीवित रह पाएंगे? उद्यान विभाग द्वारा बिलहरी से लेकर गौर एकता मार्केट तक सड़क के डिवाइडरों पर तेजी से पौधारोपण कराया जा रहा है। तेज धूप और लू के बीच किए जा रहे इस काम को लेकर स्थानीय लोगों और जानकारों ने चिंता जताई है। जानकारों का कहना है कि पौधारोपण के लिए सबसे सही समय मानसून का होता है, जब बारिश और नमी के कारण पौधे आसानी से विकसित हो पाते हैं। लेकिन अभी तापमान लगातार बढ़ रहा है और ऐसे में नए पौधों के सूखने की संभावना बहुत ज्यादा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अभी तो पुराने पेड़-पौधों को बचाना मुश्किल हो रहा है, ऐसे में नए पौधे लगाना समझ से परे है। कई लोगों ने इसे केवल दिखावे की तैयारी बताया है। - लाखों खर्च, लेकिन परिणाम अनिश्चित… सूत्रों के अनुसार, इस पूरे सौंदर्यीकरण कार्य में लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन यदि पानी और देखभाल की उचित व्यवस्था नहीं रही, तो ये पौधे कुछ ही दिनों में सूख सकते हैं। ऐसे में सरकारी पैसे की बर्बादी का खतरा भी बढ़ गया है। - कर्मचारियों में भी चिंता… उद्यान विभाग के कुछ कर्मचारियों ने भी इस फैसले पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इस मौसम में पौधों को लगाना उनके जीवित रहने की संभावना को कम कर देता है। हालांकि, अधिकारियों के निर्देश पर काम तेजी से कराया जा रहा है। - दिखावे की तैयारी या स्थायी विकास……. फिलहाल, गौर नदी के पास प्रस्तावित गार्डन की जमीन पर भी तेजी से काम चल रहा है, ताकि मुख्यमंत्री के सामने बेहतर तस्वीर पेश की जा सके। लेकिन सवाल यही है कि क्या यह हरियाली लंबे समय तक टिक पाएगी या फिर कुछ दिनों बाद सूखे पौधों में बदल जाएगी। - 24 अप्रैल 2026/ 05.00