गुना (ईएमएस) । शहर में रविवार रात एक ऐसी बारात निकली जिसने परंपरा को मजेदार अंदाज में नया रूप दे दिया। घोड़ी या बग्गी न मिलने पर दूल्हे ने हार नहीं मानी, बल्कि अपनी ही कार की छत को “शाही सवारी” बना लिया और उसी पर बैठकर बैंड-बाजे के साथ बारात लेकर निकल पड़ा। अनोखी एंट्री ने पूरे शहर का ध्यान खींच लिया और राह चलते लोग इस नजारे को कैमरों में कैद करते नजर आए। जानकारी के अनुसार सकतपुर रोड निवासी कार्तिक ओझा की बारात कोल्हूपुरा जानी थी। शादी की तैयारियां लंबे समय से चल रही थीं, लेकिन ऐन वक्त पर बारात चढ़ाने के लिए न तो घोड़ी मिल सकी और न ही बग्गी का इंतजाम हो पाया। शुरुआत में इससे बारातियों के चेहरे उतर गए, लेकिन दूल्हे ने माहौल बदल दिया। कार्तिक ने अपनी कार की छत पर बैठकर ही बारात निकालने का फैसला लिया और देखते ही देखते यह “जुगाड़ बारात” शहर की चर्चा बन गई। बैंड-बाजों की धुन पर बाराती कार के साथ-साथ नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे, जबकि दूल्हा कभी बैठकर तो कभी खड़े होकर छत पर ही डांस करता नजर आया। पूरी बारात में उत्साह और मस्ती का अलग ही रंग देखने को मिला। रास्ते में कई जगह लोगों ने इस अनोखी बारात का स्वागत किया, वहीं बड़ी संख्या में लोग इसे देखने उमड़ पड़े। मोबाइल कैमरों की फ्लैश लगातार चमकती रहीं और लोग वीडियो व सेल्फी लेने में जुटे रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक इस अलग अंदाज की बारात को देखकर हैरान भी हुए और आनंद भी लेते नजर आए। इस अनोखे अंदाज ने यह साबित कर दिया कि शादी की खुशियां साधनों की मोहताज नहीं होतीं। जरा सी सोच और उत्साह हो तो हर कमी को भी यादगार बनाया जा सकता है। शहर में यह “कार रूफ बारात” अब चर्चा का विषय बनी हुई है। सीताराम नाटानी