राज्य
24-Apr-2026


* एलडी इंजीनियरिंग और गुजरात कॉलेज में तीन-स्तरीय सुरक्षा के बीच होगी मतगणना, 8 हजार पुलिसकर्मी तैनात अहमदाबाद (ईएमएस)| अहमदाबाद में आगामी चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में 26 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि 28 अप्रैल को मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मतगणना के लिए एलडी इंजीनियरिंग कॉलेज और गुजरात कॉलेज को केंद्र बनाया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती की जाएगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पहले स्तर पर सीआरपीएफ के जवान तैनात रहेंगे, दूसरे स्तर पर सशस्त्र पुलिस और तीसरे स्तर पर स्थानीय पुलिस बल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, मतगणना केंद्र के अंदर एसआरपी के जवान भी तैनात रहेंगे। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए कुल 8 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, करीब 2500 जवानों को वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष रूप से लगाया गया है। 26 अप्रैल को मतदान के बाद मतपेटियां संबंधित केंद्रों पर पहुंचाई जाएंगी। मतगणना व्यवस्था के अनुसार, एलडी कॉलेज में 27 वार्डों और गुजरात कॉलेज में 21 वार्डों की गिनती की जाएगी। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस ने मजबूत एक्शन प्लान तैयार किया है। गौरतलब है कि अहमदाबाद में निगम चुनाव हो या विधानसभा चुनाव, मतगणना की प्रक्रिया परंपरागत रूप से एलडी इंजीनियरिंग कॉलेज और गुजरात कॉलेज में ही आयोजित की जाती रही है। प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है, ताकि पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। सतीश/24 अप्रैल