राज्य
24-Apr-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) कांग्रेस नेता देवेंद्रसिंह यादव के नेतृत्व में शहर में गहराते जल संकट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोती तबेला चौराहा व छत्रीबाग क्षेत्र में आज सुबह हल्ला बोल, पोल खोल अभियान के तहत मटकाफोड़ प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खाली मटके फोड़कर नगर निगम का ध्यान शहर के जल संकट की ओर आकर्षित किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां ले नारेबाजी कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम पूरे महीने का पानी बिल वसूल रहा है, जबकि कई इलाकों में पानी केवल एक दिन छोड़कर दिया जा रहा है। भागीरथपुरा, सुदामा नगर, मूसाखेड़ी, बाणगंगा और चंदन नगर सहित कई क्षेत्रों में गंदा और बदबूदार पानी सप्लाई होने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल संकट और गंदे पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस नगर निगम का घेराव कर उग्र प्रदर्शन करेंगी। आनंद पुरोहित/ 24 अप्रैल 2026