मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के पवई इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मुंबई महानगरपालिका के एक युवा डॉक्टर की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके और मनपा कर्मचारियों में शोक की लहर फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, 31 वर्षीय पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. निवास थंगवेलू यादव विक्रोली स्थित गांधीनगर जंक्शन के पास अपनी बाइक से जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे एक आयशर टेम्पो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत इलाज के लिए राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि डॉ. यादव मानखुर्द के देवनार पशुवधगृह में पिछले 10–12 वर्षों से सेवा दे रहे थे। वे एक मेहनती और समर्पित अधिकारी के रूप में जाने जाते थे। एक साल पहले ही उनकी शादी हुई थी और वे अपने नए जीवन की शुरुआत कर रहे थे, लेकिन इस हादसे ने उनके परिवार के सभी सपनों को तोड़ दिया। इस संदर्भ में विक्रोली पुलिस ने टेम्पो चालक गोविंद राजकुमार गिरी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की जांच जारी है। डॉ. निवास यादव के असामयिक निधन से उनके परिवार, सहकर्मियों और पूरे मनपा में गहरा दुख और शोक व्याप्त है। स्वेता/संतोष झा-२४ अप्रैल/२०२६/ईएमएस