25-Apr-2026
...


कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान निष्पक्षता और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में निर्वाचन आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है। आयोग ने चुनाव प्रक्रिया में गंभीर कदाचार और पक्षपात के आरोपों के चलते डायमंड हार्बर क्षेत्र के पांच पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इन अधिकारियों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई का आदेश भी जारी किया गया है। निलंबित होने वाले अधिकारियों में डायमंड हार्बर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप गराई का नाम प्रमुखता से शामिल है। आयोग ने उनके खिलाफ मिले सबूतों के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट गृह मंत्रालय को भेजने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही, सब-डिविजनल पुलिस अधिकारी सजल मंडल, डायमंड हार्बर थाने के प्रभारी मौसम चक्रवर्ती, फाल्टा थाने के प्रभारी अजय बाग और उस्ती थाने की प्रभारी शुभेच्छा बाग को भी निलंबित कर दिया गया है। आयोग ने डायमंड हार्बर की पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशानी पाल को भी कड़ी चेतावनी दी है। उन्हें अपने अधीनस्थों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखने और चुनाव जैसे संवेदनशील समय में निष्पक्षता सुनिश्चित करने में विफल रहने के लिए जिम्मेदार माना गया है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान संपन्न हो चुका है, जहां 152 सीटों पर ऐतिहासिक 92.88प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। हालांकि, इस दौरान कई स्थानों से हिंसा और झड़प की खबरें भी आईं। राज्य में दो स्थानों पर उम्मीदवारों पर हमले की घटनाएं हुईं, जिसमें एक प्रत्याशी को भीड़ द्वारा पीटे जाने की भी सूचना मिली। इन छिटपुट घटनाओं के बावजूद, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि पहले चरण के तहत आने वाले 44,376 मतदान केंद्रों में से किसी भी केंद्र पर पुनर्मतदान (री-पोलिंग) की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है। आयोग की यह कड़ी कार्रवाई आगामी चरणों के मतदान से पहले प्रशासनिक अधिकारियों के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि चुनावी ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वीरेंद्र/ईएमएस/25अप्रैल2026 -----------------------------------