ट्रेंडिंग
25-Apr-2026
...


- आप ने फोटो को बताया फर्जी - सादगी बनाम विलासिता की राजनीति - केजरीवाल के घर पर घमासान - नए बंगले को लेकर गरमाई दिल्ली की सियासत - भाजपा ने जारी कीं आवास की तस्वीरें, करोड़ों खर्च का आरोप - आप नेता आतिशी ने कहा- तस्वीरें फर्जी, साजिश के तहत किया जा रहा प्रचार 5,000 वर्गफुट के टाइप-VII बंगले में हाल ही में शिफ्ट हुए केजरीवाल नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नए सरकारी आवास को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नेताओं ने 95, लोधी एस्टेट स्थित आवास की कुछ तस्वीरें जारी करते हुए दावा किया कि केजरीवाल सादगी का दिखावा करते हुए आलीशान जीवन जी रहे हैं। दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल के मन में अब भी “शीशमहल” की मानसिकता बनी हुई है और उन्होंने अपने आवास को भव्य बनाने में करोड़ों रुपए खर्च किए हैं। भाजपा का कहना है कि जब दिल्ली कोविड जैसी गंभीर महामारी से जूझ रही थी, उस दौरान भी कथित तौर पर मुख्यमंत्री आवास के निर्माण और साज-सज्जा पर काम जारी रहा। वर्मा ने तंज कसते हुए इसे “शीशमहल-2” करार दिया और कहा कि जो नेता सादगी की राजनीति का दावा करते थे, वे अब विलासिता में लिप्त नजर आ रहे हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा के इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पार्टी नेता आतिशी ने जारी तस्वीरों को फर्जी बताते हुए कहा कि ये केजरीवाल के आवास की तस्वीरें नहीं हैं। उन्होंने चुनौती दी कि यदि पारदर्शिता की बात है तो अन्य नेताओं को भी अपने-अपने सरकारी आवास जनता के लिए खोलने चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल हाल ही में 24 अप्रैल को इस नए सरकारी आवास में शिफ्ट हुए हैं, जो उन्हें राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष के तौर पर आवंटित किया गया है। करीब 5,000 वर्गफुट में फैला यह टाइप-VII श्रेणी का बंगला है, जिसमें कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस पूरे मामले ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है, जहां एक ओर भाजपा इसे मुद्दा बनाकर केजरीवाल की छवि पर सवाल उठा रही है, वहीं आप इसे साजिश करार देकर पलटवार कर रही है। आने वाले दिनों में यह विवाद और गहराने की संभावना है।