लॉस एंजेलिस (ईएमएस)। : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) संजोग गुप्ता ने कहा है साल 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिताएं लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स के घरेलू मैदान पोमोना पर आयोजित की जाएंगी। साथ ही कहा कि इस मैदान पर 128 साल बाद ओलंपिक मंच पर क्रिकेट की वापसी एक ऐतिहासिक पल होगा। इस मैदान के शिलान्यास समारोह में गुप्ता ने कहा कि जिस मैदान की नींव आज रखी जा रही है, वह सिर्फ एक क्रिकेट मैदान नहीं, बल्कि एक ऐसा वादा है जिसे पूरा करने में 128 साल लग गए। इससे अंदाज होता है कि ओलंपिक मंच पर क्रिकेट की वापसी के लंबे इंतजार के पूरे होने को लेकर कितना अधिक उत्साह है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) द्वारा लॉस एंजेलिस 2028 खेलों में क्रिकेट को शामिल करने की औपचारिक मंजूरी को लेकर उन्होंने कहा कि कि ये क्रिकेट के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और लोकप्रियता को बताता है। उन्होंने कहा, दुनिया का ये दूसरा सबसे लोकप्रिय खेल इतने लंबे समय से ओलंपिक मंच पर नहीं रहा है। वहीं अब उसकी वापसी दिखाती है कि ओलंपिक में उन खेलों को बढ़ावा दिया जाना जरुरी है जिससे करोड़ों लोग पसंद करते हैं। गुप्ता ने पोमोना स्थित इस नए क्रिकेट स्थल की विरासत की सराहना की और इसे ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी के लिए एक आदर्श स्थान बताया। उन्होंने कहा, इस वादे को पूरा करने के लिए पोमोना से बेहतर किसी अन्य जगह के बारे में मैं सोच भी नहीं सकता। उनके अनुसार, खेल जगत में सबसे अच्छी चीजें तब होती हैं जब महत्वाकांक्षा और समुदाय का मिलन होता है, और पोमोना में ये दोनों ही गुण मौजूद हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ओलंपिक से क्रिकेट को अभूतपूर्व वैश्विक पहचान प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इसमें बड़ी संख्या में दर्शक पहली बार क्रिकेट को ओलंपिक जैसे बड़े मंच पर देखेंगे, जिससे इस खेल को नई ऊंचाइयों पर पहुंचने का अवसर मिलेगा गिरजा/ईएमएस 25 अप्रैल 2026