25-Apr-2026
...


- दिल्ली में 6578 मेगावाट तक पहुंची डिमांड नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के तापमान में वृद्धि के साथ ही बिजली की मांग भी बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को पहली बार अप्रैल में बिजली की मांग 65 सौ मेगावाट के पार पहुंच गई। इससे पहले 29 अप्रैल, 2022 को पहली बार 6197 मेगावाट तक मांग पहुंची थी। बृहस्पतिवार को यह रिकार्ड टूट गया और आने वाले दिनों में मांग में और वृद्धि होने की उम्मीद है। बिजली वितरण कंपनियों के अधिकारियों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के कारण एयर कंडीशनर, कूलर आदि का उपयोग बढ़ जाता है। इससे बिजली की मांग बढ़ती है। पिछले सप्ताह के शुरू में मांग पांच हजार मेगावाट के आसपास थी। बृहस्पतिवार दोपहर बाद यह 6323 मेगावाट और शुक्रवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे यह 6578 मेगावाट पहुंच गई। इससे पहले सिर्फ वर्ष 2022 और वर्ष 2025 में अप्रैल में मांग छह हजार मेगावाट से ऊपर पहुंची थी। पिछले दो दिनों में बिजली की अधिकतम मांग में पांच सौ मेगावाट से अधिक की वृद्धि हुई है। 22 अप्रैल को अधिकतम मांग 6020 मेगावाट थी। अधिकतम मांग के साथ ही न्यूनतम मांग में भी वृद्धि हो रही है। बृहस्पतिवार सुबह न्यूनतम मांग 4124 मेगावाट और शुक्रवार को 4247 मेगावाट तक पहुंच गई। मौसम यदि इसी तरह बना रहा तो अगले कुछ दिनों में मांग सात हजार मेगावाट के ऊपर पहुंच सकती है। इसे ध्यान में रखकर बिजली वितरण कंपनियां तैयारी कर रही हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/25/ अप्रैल /2026