करांची (ईएमएस)। पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज खुशदिल शाह राष्ट्रीय टीम में चयन न होने से गहरे हताश हैं। वर्तमान में पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स का प्रतिनिधित्व कर रहे खुशदिल ने हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और टीम प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए अपनी निराशा व्यक्त की। यह नाराजगी पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा के साथ एक बातचीत के दौरान सामने आई, जहां खुशदिल ने टीम से बाहर रखे जाने पर अपना पक्ष रखा। खुशदिल ने गुरुवार को लाहौर कलंदर्स के खिलाफ गद्दाफी स्टेडियम में कराची किंग्स को पांच विकेट से शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी, जहां उन्होंने मात्र 14 गेंदों में 44 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। इस मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद खुशदिल शाह ने रमीज राजा से स्पष्ट शब्दों में कहा, मैं अन्य खिलाड़ियों से अलग हूँ। मैं न तो सोशल मीडिया पर सक्रिय रहता हूँ और न ही पुरानी बातों का रोना रोता हूँ कि मेरे साथ क्या गलत हुआ। मैंने हाल ही में पांचवें और छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 700-800 रन बनाए हैं, जिसमें एक दोहरा शतक और कई बड़ी पारियां शामिल हैं। इतने सब के बावजूद, मुझे टीम से ड्रॉप कर दिया गया। खुशदिल ने आखिरी बार सितंबर 2025 में यूएई के खिलाफ पाकिस्तान के लिए खेला था। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए अब तक 15 वनडे और 38 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में, लाहौर कलंदर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 199 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। उनके सलामी बल्लेबाज फखर जमां ने 41 गेंदों में 61 रन और अब्दुल्ला शफीक ने 36 गेंदों में 62 रन की शानदार पारियां खेलीं। मोहम्मद और सिकंदर रजा ने 18-18 रन का योगदान दिया, जबकि डेनियल सैम्स ने 20 और कप्तान शाहीन अफरीदी ने 10 रन बनाए। कराची किंग्स के लिए मोईन अली ने दो विकेट लिए, जबकि हसन अली और रिजवानुल्लाह को 1-1 विकेट मिला। 200 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी कराची किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही, जब डेविड वॉर्नर और जेसन रॉय सस्ते में आउट हो गए। रॉय 5 गेंद में 9 और रीजा हैंड्रिक्स 9 गेंद में 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सलमान आगा ने 15 गेंद में 14 रन बनाए। हालांकि, मोईन अली ने 17 गेंद में 39 रन की दमदार पारी खेली और आजम खान ने 8 गेंद में 14 रन का योगदान दिया। कप्तान डेविड वॉर्नर ने एक छोर संभाले रखा और 44 गेंदों में 9 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 63 रन बनाए। लेकिन यह खुशदिल शाह की विस्फोटक पारी थी, जिसने कराची किंग्स को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। लाहौर के लिए उबैद शाह ने तीन विकेट चटकाए, पर वे टीम को जीत नहीं दिला पाए। खुशदिल की यह पारी ऐसे समय में आई है जब वह राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह को लेकर जूझ रहे हैं, और उनके इस प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं पर निश्चित रूप से दबाव बढ़ा दिया है। डेविड/ईएमएस 25 अप्रैल 2026