राष्ट्रीय
25-Apr-2026


सीआईके की बड़ी कार्रवाई, डिजिटल डिवाइस जब्त; नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद श्रीनगर,(ईएमएस)। श्रीनगर स्थित सेंट्रल जेल में आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जम्मू और कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) विंग ने जेल परिसर में तलाशी अभियान चलाकर संदिग्ध डिजिटल कम्युनिकेशन डिवाइस बरामद किए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। यह कार्रवाई 25 अप्रैल को विशेष अदालत द्वारा जारी वारंट के आधार पर की गई। मामला पुलिस स्टेशन सीआई कश्मीर में दर्ज एफआईआर नंबर 06/2023 से जुड़ा है, जिसमें भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ अनलॉफुल एक्टिविटीज (प्रिवेंशन) एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, जेल के भीतर संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों के इनपुट मिलने के बाद यह सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जेल प्रशासन के सहयोग से कई बैरकों और ब्लॉकों की गहन तलाशी ली गई। इस दौरान कुछ आपत्तिजनक सामग्री और संचार उपकरण बरामद कर जब्त किए गए। बरामद डिवाइस को अब फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि इनके जरिए संचालित संभावित आतंकी नेटवर्क का पता लगाया जा सके। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी सख्त सुरक्षा के बावजूद ये उपकरण जेल के अंदर कैसे पहुंचे और इसमें किन लोगों की संलिप्तता रही। अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि यह अभियान संवेदनशील संस्थानों, विशेषकर जेलों में संचार माध्यमों के दुरुपयोग को रोकने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। साथ ही, केंद्र शासित प्रदेश में आतंकवाद से जुड़े नेटवर्क को खत्म करने के प्रयास लगातार जारी हैं। इस कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक अहम सफलता माना जा रहा है, जिससे भविष्य में ऐसे नेटवर्क पर और कड़ी निगरानी रखने में मदद मिलेगी। हिदायत/ईएमएस 25अप्रैल26