-अमेरिका से मिली छूट 17 अप्रैल से 16 मई तक प्रभावी रहेगी नई दिल्ली,(ईएमएस)। मध्य पूर्व में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच अमेरिका ने फिलीपींस को बड़ी राहत दे दी है। अमेरिका ने फिलीपींस के अनुरोध पर रूसी तेल और पेट्रोलियम उत्पाद खरीदने के लिए अस्थायी छूट दी है। बीते हफ्ते में तेल की कीमतों को काबू में रखने के लिए ट्रंप ने रूसी तेल खरीद की छूट बढ़ा दी थी। इसका फायदा खुद भारत को हो रहा है लेकिन फिलीपिंस को और भी राहत मिली है। फिलीपींस के ऊर्जा विभाग के मुताबिक, यह छूट 17 अप्रैल से 16 मई तक प्रभावी रहेगी। इसके पहले मार्च में भी अमेरिका ने 30 दिन की छूट दी थी, जो 11 अप्रैल को समाप्त हुई थी। अब नई छूट मिलने से फिलीपींस को कुछ राहत जरुर मिलेगी। ऊर्जा विभाग के अंडरसेक्रेटरी एलेस्सांद्रो सेल्स ने बताया कि यह फैसला तब हुआ है, जब वैश्विक स्तर पर तेल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। वहीं ऊर्जा सचिव शेरोन गैरीन ने कहा कि देश के पास फिलहाल करीब 54 दिनों का ईंधन भंडार मौजूद है, लेकिन मौजूदा हालात को देखकर अतिरिक्त विकल्प जरूरी थे। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने हाल ही में राष्ट्रीय ऊर्जा आपातकाल घोषित किया था। इस कदम का मकसद देश में ऊर्जा आपूर्ति को स्थिर बनाकर संभावित संकट से निपटना है। इस बीच फिलीपींस सरकार ने कहा कि वह नए कोयला परियोजनाओं पर लगी रोक को नहीं हटाएगी। अब अमेरिका से तेल खरीद की छूट मिलने पर लोगों को और भी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके जरिए तेल की कीमतों को काबू में रखा जा सकता है। साल 2020 में देश ने कार्बन उत्सर्जन कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के मकसद से नई कोयला परियोजनाओं पर प्रतिबंध लगाया था। हालांकि 2019 से पहले मंजूरी प्राप्त परियोजनाएं आगे बढ़ सकती हैं। ऊर्जा मंत्रालय अब पुराने कोयला संयंत्रों की समीक्षा भी कर रहा है, क्योंकि लंबे समय में उनकी लागत ज्यादा है और वे भरोसेमंद भी नहीं माने जा रहे। आशीष दुबे / 27 अप्रैल 2026