राष्ट्रीय
27-Apr-2026


-चारों मृतक एक ही परिवार के सदस्य मुंबई,(ईएमएस)। मुंबई के पायधोनी इलाके में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग की घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में 40 वर्षीय पिता, 35 वर्षीय मां और उनकी दो बेटियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल की रात परिवार के नौ सदस्यों ने साथ में खाना खाया था। भोजन के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज खाया। अगली सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। पहले परिवार के डॉक्टर ने इलाज किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें जेजे अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान सबसे पहले छोटी बेटी की सुबह मौत हो गई, इसके बाद पिता, फिर मां और बड़ी बेटी ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया है, लेकिन मौत का सही कारण हिस्टोपैथोलॉजिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। मामले में आकस्मिक मौत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार ने पहले बिरयानी और बाद में तरबूज खाया था, जिससे आशंका है कि किसी खाद्य पदार्थ में संक्रमण था। इसी तरह झारखंड के गिरिडीह में भी दूषित चाट खाने से एक बच्चे की मौत और कई लोगों के बीमार होने की खबर है। विशेषज्ञों के अनुसार, दूषित भोजन या पानी से फूड पॉइजनिंग हो सकती है, जिससे उल्टी, दस्त, पेट दर्द और मतली जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। प्रशासन ने लोगों से साफ-सफाई और सुरक्षित भोजन का ध्यान रखने की अपील की है। आशीष दुबे / 27 अप्रैल 2026