बीजेपी नेता ने केजरीवाल के घर की तस्वीर की शेयर, आप ने बताया- फर्जी फोटो नई दिल्ली,(ईएमएस)। बीजेपी ने शनिवार को दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के घर की तस्वीरें जारी कीं। दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि उनके मन में अभी भी शीशमहल रहता है। उन्होंने अपने सरकारी आवास को आलीशान बनाने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए थे। केजरीवाल 24 अप्रैल को नए सरकारी आवास में शिफ्ट हुए थे। बीजेपी के प्रवेश वर्मा ने कहा कि केजरीवाल लंबे समय से सरकारी बंगले के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटा रहे थे। अब उन्हें 95 लोधी एस्टेट में आवास मिला है। तस्वीरें देखकर हैरानी हुई। जो सादगी की बात करते थे, वे आज लग्जरी में रह रहे हैं। आप नेता आतिशी ने सभी फोटो को फर्जी बताया। उन्होंने कहा कि ये फोटोज केजरीवाल के घर के नहीं हैं। अगर यह जानना है कि किसका घर कितना आलीशान है, तो रेखा गुप्ता और दिल्ली के एलजी साहब अपने-अपने घर खोलें। केजरीवाल भी अपना घर खोलेंगे। इसके बाद जनता खुद तय कर लेगी। प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली के ‘रहमान डकैत’, जिस तरह फिल्म ‘धुरंधर’ का सीक्वल आया है, उसी तरह आज हम ‘शीश महल-2’ का खुलासा करने जा रहे हैं। जब दिल्ली कोविड की लहर से जूझ रही थी, तब अरविंद ने दिल्ली में शीश महल बनवाया। दिल्ली के लोग कोविड की दवाइयों की मांग कर रहे थे और मर रहे थे। उस समय भी केजरीवाल के आदेश पर शीश महल का काम एक दिन के लिए भी नहीं रुका। जब ‘धुरंधर’ दिल्ली के वोटरों ने दिल्ली के ‘रहमान डकैत’ को हरा दिया, तो वह पंजाब चले गए।’ उन्होंने कहा कि भगवंत मान के घर के आसपास के चार बड़े सरकारी मकानों में से एक में केजरीवाल, दूसरे में पूर्व दिल्ली स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, तीसरे में राज्यसभा सांसद संजय सिंह और एक अन्य में मनीष सिसोदिया रह रहे थे। उन्होंने कहा कि पंजाब में भगवंत मान परेशान हैं। वहां भी उन्होंने एक और शीश महल बनवाया। आज दिल्ली में वह कई सालों से कोर्ट जाकर बंगले की मांग कर रहे थे और जब उन्हें वह बंगला मिला, जिसमें वह शिफ्ट हो गए हैं- 95 लोधी एस्टेट तो उसकी तस्वीरें सामने आने पर हम हैरान रह गए। जो व्यक्ति सादगी से रहने की बात करता था, आज वह आलीशान जिंदगी जी रहा है। सिराज/ईएमएस 25अप्रैल26