राष्ट्रीय
25-Apr-2026
...


बीजेपी से मांगीं 25 सीटें, मांग पूरी न होने पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान लखनऊ,(ईएमएस)। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में रामदास अठावले की पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अआवले) (आरपीआई-ए) ने राज्य की राजनीति में सक्रिय एंट्री का ऐलान किया है। पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी से 25 सीटों की मांग की है। लखनऊ में जारी एक प्रेस नोट के अनुसार, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता ने बताया कि आरपीआई-ए आगामी चुनाव को लेकर अपनी रणनीति पर तेजी से काम कर रही है। पार्टी ब्लॉक स्तर तक संगठन को मजबूत कर रही है, ताकि 2027 के चुनाव में प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई जा सके। रामदास अठावले ने स्पष्ट कहा कि उनकी पार्टी केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का महत्वपूर्ण हिस्सा है और उत्तर प्रदेश में भी बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि यदि सीटों को लेकर सहमति नहीं बनती है, तो आरपीआई-ए राज्य में अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी। अठावले ने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी अति दलित, अति पिछड़े और वंचित वर्गों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य दलों ने इन वर्गों के वोट लेकर अपना विकास किया, लेकिन इन समुदायों को अपेक्षित लाभ नहीं मिला। इसके अलावा उन्होंने योगी आदित्यनाथ से मांग की कि दलित बहुल गांवों में समाज भवन बनाए जाएं और उनके संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों को सौंपी जाए। वहीं, महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर आठवले ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्हें महिलाओं के विकास में बाधा डालने वाला बताया। अठावले की इस घोषणा से उत्तर प्रदेश की सियासत में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है, जिससे आगामी चुनाव और अधिक दिलचस्प हो सकते हैं। हिदायत/ईएमएस 25अप्रैल26