ट्रेंडिंग
25-Apr-2026
...


-अनेक जगहों पर हमलों से दहशत में आया अफ्रीकी देश, अल-कायदा और आईएसआईएस से जुड़े गुटों पर संदेह, सेना की जवाबी कार्रवाई जारी बमाको,(ईएमएस)। पश्चिम अफ्रीकी देश माली में शनिवार को बड़ा सुरक्षा संकट देखने को मिला, जब राजधानी बमाको और आसपास के कई शहरों में एक साथ गोलीबारी और धमाकों की घटनाएं सामने आईं। इन हमलों से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। राजधानी बमाको के मोदिबो कीता अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और उसके आसपास भारी गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं। यह इलाका माली वायुसेना के एयर बेस के पास स्थित है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। स्थानीय प्रशासन और सेना ने मीडिया को बताया, कि अज्ञात हथियारबंद समूहों ने कई प्रमुख रणनीतिक स्थानों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। शुरुआती रिपोर्टों में इन हमलों के पीछे अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट से जुड़े गुटों के शामिल होने की आशंका जताई गई है, हालांकि किसी भी संगठन ने अभी तक जिम्मेदारी नहीं ली है। माली सेना ने बयान जारी कर कहा है कि सुरक्षा बल हमलावरों को रोकने के लिए कार्रवाई कर रहे हैं और कई क्षेत्रों में मुठभेड़ जारी है। हेलीकॉप्टरों की गश्त और अतिरिक्त सैन्य बलों की तैनाती भी की गई है। कुछ रिपोर्टों के अनुसार, पूर्वोत्तर शहर किदाल और गाओ में भी हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं, जहां सशस्त्र समूहों ने कुछ इलाकों पर नियंत्रण का दावा किया है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय निवासियों का कहना था, कि धमाकों और गोलीबारी की आवाजें कई घंटों तक सुनाई देती रहीं, जिससे लोग बाहर नहीं निकले और अपने-अपने घरों में ही कैद होकर रह गए। धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि खिड़कियां और दरवाजे तक हिल गए। विशेषज्ञों के अनुसार, माली, नाइजर और बुर्किना फासो में पिछले कुछ वर्षों में सुरक्षा स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और आतंकवादी हमलों में बढ़ोतरी देखी गई है। फिलहाल माली की सेना स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है, लेकिन पूरे क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। हिदायत/ईएमएस 25अप्रैल26