खेल
26-Apr-2026


:: टीम स्पर्धाओं में भी मेजबान खिलाड़ियों ने बिखेरा अपना जलवा :: पुणे (ईएमएस)। पुणे के बालवाड़ी इंडोर स्टेडियम में जारी 32वीं मास्टर्स नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का तीसरा दिन अनुभवी खिलाड़ियों के कौशल और जज्बे के नाम रहा। तेलंगाना के श्रीनिवास चलवादी ने कोर्ट पर अपना दबदबा बनाते हुए पुरुषों के 80+ एकल और युगल वर्ग में स्वर्ण पदकों की डबल स्ट्राइक की, वहीं मेजबान महाराष्ट्र की महिला खिलाड़ियों ने अपनी शानदार लय बरकरार रखते हुए एक के बाद एक खिताब अपनी झोली में डाले। रविवार के रोमांचक मुकाबलों में तेलंगाना के श्रीनिवास चलवादी आकर्षण का केंद्र बने रहे। पुरुषों के 80+ एकल वर्ग के फाइनल में उनका सामना गुजरात के इंद्रेश पुरोहित से हुआ। शुरुआती गेम में इंद्रेश ने 15-13 से जीत दर्ज कर दबाव बनाया, लेकिन श्रीनिवास ने अपने अनुभव का परिचय देते हुए जबरदस्त वापसी की। उन्होंने अगले तीनों गेम (11-6, 11-6, 11-8) जीतकर स्वर्ण पदक पर अपना नाम लिखवा दिया। श्रीनिवास की सफलता का सफर यही नहीं रुका; उन्होंने युगल वर्ग में देवेंद्र नाथ देशानी के साथ मिलकर महाराष्ट्र की जोड़ी (सुबोध देशपांडे और सतीश शिरसाट) को कड़े संघर्ष में 3-2 से हराकर दूसरा स्वर्ण पदक जीता। सेमीफाइनल में उन्होंने मध्य प्रदेश के रमेश मालविया को एकतरफा मुकाबले में परास्त किया था। महिला एकल मुकाबलों में मेजबान महाराष्ट्र की खिलाड़ियों ने कोर्ट पर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। 70+, 75+ और 80+ एकल के संयुक्त वर्ग में वीणा जोशी ने राजस्थान की कमलेश जैन को सीधे गेमों (11-6, 11-8, 11-6) में हराकर स्वर्ण जीता। 65+ एकल के फाइनल में महाराष्ट्र की राजेश्वरी म्हेत्रे ने शुरुआती झटका खाने के बाद मध्य प्रदेश की रीता जैन को 3-1 से शिकस्त दी। दिन का सबसे दिलचस्प मुकाबला 60+ एकल वर्ग का रहा, जिसमें महाराष्ट्र की मंटू मुर्मू ने पांच गेमों तक चले कड़े संघर्ष में मध्य प्रदेश की रूबी कौर को 3-2 से मात देकर खिताबी जीत दर्ज की। टीम स्पर्धाओं में भी महाराष्ट्र का वर्चस्व स्पष्ट दिखाई दिया। 65+ और 70+ महिला टीम चैंपियनशिप में महाराष्ट्र ने दिल्ली को सीधे गेमों में पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, 60+ पुरुष टीम स्पर्धा में महाराष्ट्र ने तमिलनाडु को 3-0 से एकतरफा मात देकर सोना जीता। हालांकि, 65+ पुरुष टीम स्पर्धा में दिल्ली ने महाराष्ट्र ए को 3-0 से हराकर खिताब पर अपना कब्जा जमाया। चैंपियनशिप के अन्य परिणामों में पुरुषों के 80+ सेमीफाइनल में इंद्रेश पुरोहित ने कर्नाटक के एस. गोपालन को (11-6, 11-9, 14-12) से हराया। महिला 65+ एकल के सेमीफाइनल में रीता जैन ने दिल्ली की इंदु शर्मा को और राजेश्वरी म्हात्रे ने रोहिणी मराठे को पराजित कर फाइनल का टिकट कटाया था। वहीं, 60+ वर्ग में मंटू मुर्मू ने मनीषा कटारिया को और रूबी कौर ने रश्मि सोनी को मात देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। प्रकाश/26 अप्रैल 2026