महेन्द्र सिंह यादव को बनाया गया प्रशासक भोपाल(ईएमएस)। लंबे समय से चली आ रही कशमकश के बाद आखिरकार मध्य प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) को नया अध्यक्ष मिल गया है। 11 साल बाद किसान नेता महेंद्र सिंह यादव को बैंक का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पिछले छह महीनों से निगम मंडलों में नियुक्तियों को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन अब सरकार और संगठन के बीच तालमेल बनाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिलसिलेवार नियुक्तियों की शुरुआत कर दी है। महेंद्र सिंह यादव को यह जिम्मेदारी उनके अनुभव और संगठन में सक्रिय भूमिका को देखते हुए सौंपी गई है। गौरतलब है कि 13 मई 2015 को न्यायालय के आदेश के बाद अपेक्स बैंक का संचालक मंडल भंग कर दिया गया था। इसके बाद से बैंक का संचालन प्रशासक के माध्यम से किया जा रहा था। लंबे समय तक इस शीर्ष संस्था पर कांग्रेस नेताओं का प्रभाव रहा, लेकिन भाजपा के सत्ता में आने के बाद यह पहली बड़ी नियुक्ति मानी जा रही है। इससे पहले नवंबर 2009 से 2015 तक भंवर सिंह शेखावत बैंक के अध्यक्ष रहे थे। हालांकि उनका कार्यकाल 2014 में समाप्त हो गया था, लेकिन नए चुनाव नहीं होने के कारण उन्हें पद पर बनाए रखा गया। बाद में हाई कोर्ट के आदेश के बाद कार्यकारिणी भंग कर दी गई थी। 2015 से अब तक सहकारी समितियों के चुनाव कई बार घोषित हुए, लेकिन हर बार किसी न किसी कारण से टलते रहे। इसी वजह से पिछले 11 वर्षों से अपेक्स बैंक अध्यक्ष विहीन रहा। अब महेंद्र सिंह यादव की नियुक्ति के साथ इस लंबे इंतजार का अंत हो गया है। विनोद उपाध्याय / 26 अप्रैल, 2026