राज्य
26-Apr-2026


चार लोग बुरी तरह घायल, जेसीबी तोड़ी बुरहानपुर(ईएमएस)। बुरहानपुर वनमंडल की नेपा रेंज के ग्राम झांझर में रविवार सुबह अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम पर अचानक हमला हो गया। करीब 11 बजे बाहरी अतिक्रमणकारियों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में वनकर्मियों समेत 4 लोग घायल हो गए, जबकि एक जेसीबी चालक को गंभीर चोट लगने पर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, लंबे समय से वन विभाग इस क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की तैयारी कर रहा था। रविवार को जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, झांझर गांव में विरोध तेज हो गया और करीब 150 लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। इस अभियान में निमाड़ के चार जिलों से आए वन अमले और स्थानीय पुलिस बल को तैनात किया गया था। शनिवार शाम को ही बुरहानपुर पुलिस लाइन में भारी फोर्स जुटा ली गई थी। डीएफओ विद्याभूषण सिंह के मुताबिक, नेपानगर रेंज में चिन्हित बाहरी अतिक्रमणकारियों को हटाने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इसमें बुरहानपुर के साथ खंडवा, खरगोन और बड़वाह के वनकर्मी भी शामिल हैं। करीब 500 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी जेसीबी और अन्य संसाधनों के साथ मौके पर मौजूद हैं। पथराव के दौरान एक जेसीबी पर पत्थर लगने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। चालक कमल बंसल के सिर में चोट आई, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायल चालक ने बताया कि अचानक हुए हमले के कारण मौके पर मौजूद पुलिस और वनकर्मी भी पीछे हटने को मजबूर हो गए। वन विभाग के एसडीओ अजय सागर ने बताया कि टीम नियमानुसार अतिक्रमण हटाने पहुंची थी, लेकिन कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पथराव कर दिया। फिलहाल घायल चालक की हालत स्थिर बताई जा रही है। विनोद उपाध्याय / 26 अप्रैल, 2026