मनोरंजन
27-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में अभिनेत्री सोनम खान ने एक यादगार स्मृति को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। उन्होंने अपनी सुपरहिट फिल्म त्रिदेव के मशहूर गाने गजर ने किया है इशारा की शूटिंग के अनुभवों की एक अनोखी झलक दिखाई है, जिसने दर्शकों को पुराने दिनों की याद दिला दी। इंस्टाग्राम पर अभिनेत्री सोनम खान ने एक पुराना वीडियो क्लिप शेयर किया है, जिसमें वह, माधुरी दीक्षित और संगीता बिजलानी एक साथ इस आइकॉनिक गाने पर डांस करती नजर आ रही हैं। वीडियो में तीनों अभिनेत्रियों का उस दौर का ग्लैमरस लुक और शानदार डांस स्टेप्स देखने को मिल रहा है, जो आज भी दर्शकों के बीच उतना ही लोकप्रिय है। इस पोस्ट के जरिए सोनम ने दर्शकों को एक बार फिर 80 के दशक के उस सुनहरे और ऊर्जावान समय की याद दिला दी, जब यह गाना चार्टबस्टर हुआ करता था। इस पोस्ट के साथ सोनम खान ने एक दिलचस्प कैप्शन भी लिखा, जिसमें उन्होंने शूटिंग के दौरान के माहौल का जिक्र किया। उन्होंने बताया, जब मैं इस गाने की शूटिंग कर रही थी, उस समय मैं सेट पर सबसे छोटी थी। वहां माहौल कुछ ऐसा था जैसे ऑफिस में लोग एक-दूसरे से ज्यादा बात नहीं करते। शूटिंग के दौरान हम तीनों एक साथ काम तो कर रही थीं, लेकिन आपस में ज्यादा बातचीत नहीं होती थी। सोनम ने अपनी बात को स्पष्ट करते हुए कहा, कभी-कभी काम के माहौल में ऐसा हो जाता है कि लोग एक-दूसरे से दूरी बनाए रखते हैं, लेकिन इसका असर काम पर नहीं पड़ता। यह बयान दिखाता है कि पेशेवर माहौल में व्यक्तिगत दूरी के बावजूद काम की गुणवत्ता पर कोई आंच नहीं आती। सोनम ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए एक महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण भी दिया। उन्होंने कहा, मेरा मकसद किसी को ठेस पहुंचाना नहीं है और यह सिर्फ मेरे नजरिए से देखा गया एक अनुभव है। उन्होंने अपने प्रशंसकों से वादा किया कि वह इस शूट से जुड़े और भी कई दिलचस्प किस्से आने वाले समय में साझा करेंगी, जिससे उनकी पिछली फिल्मों और करियर से जुड़ी और भी अनसुनी बातें सामने आएंगी। फिल्म त्रिदेव साल 1989 में रिलीज हुई थी और इसे दिग्गज निर्देशक राजीव राय ने निर्देशित किया था। इस फिल्म में सनी देओल, जैकी श्रॉफ और नसीरुद्दीन शाह जैसे बड़े अभिनेता थे। वहीं, माधुरी दीक्षित, संगीता बिजलानी और सोनम खान ने भी इसमें अहम भूमिकाएं निभाई थीं। गजर ने किया है इशारा, फिल्म त्रिदेव का एक बेहद एनर्जी से भरा और लोकप्रिय गाना है, जिसे आज भी पार्टियां और फंक्शन्स में बजाया जाता है। सुदामा/ईएमएस 27 अप्रैल 2026