टोक्यो(ईएमएस)। जापान के होक्काइडो क्षेत्र में सोमवार तड़के आए शक्तिशाली भूकंप ने पूरे इलाके को दहला दिया। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई है। यह झटके उस समय महसूस किए गए जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक धरती हिलने से लोगों में अफरातफरी मच गई और वे घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप सोमवार सुबह 5:24 बजे (भारतीय समयानुसार रात 01:54 बजे) आया। इसका मुख्य केंद्र मध्य टोकाची क्षेत्र के पास स्थित था, जहाँ तीव्रता जापानी भूकंपीय पैमाने पर 5प्लस दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि आसपास के कुछ हिस्सों में झटकों की तीव्रता 5 से थोड़ी कम भी महसूस की गई। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान या हताहत होने की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर करीब से नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस भूकंप के बाद वर्तमान में सुनामी का कोई खतरा नहीं है और न ही कोई चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, विशेषज्ञों ने आगामी दिनों में शक्तिशाली आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) आने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे शांत रहें, घबराएं नहीं और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जापान में पिछले कुछ दिनों से भूकंपीय गतिविधियां तेज हुई हैं। इससे पहले 20 अप्रैल को भी पूर्वोत्तर और उत्तरी जापान में 7.5 तीव्रता का भीषण भूकंप आया था, जिसके बाद सुनामी की लहरें देखी गई थीं। उस दौरान इवाते प्रांत के कुजी बंदरगाह पर करीब 80 सेंटीमीटर ऊंची सुनामी दर्ज की गई थी। लगातार आ रहे इन झटकों ने देश में सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया है और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वीरेंद्र/ईएमएस/27अप्रैल2026