-अफरा-तफरी में की जा रही खरीदारी से बढ़ी मांग, स्थिति चिंताजनक अमरावती,(ईएमएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। हाल के दिनों में ईंधन की भारी मांग और अफरा-तफरी में की जा रही खरीदारी के चलते राज्य के कई पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति बाधित हुई है, जिससे स्थिति चिंताजनक बन गई है। अधिकारियों के अनुसार, ईंधन की आपूर्ति में लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, लेकिन इसके बावजूद अचानक बढ़ी मांग के कारण बिक्री में असामान्य उछाल दर्ज किया गया है। इस वजह से कई बिक्री केंद्रों पर पेट्रोल और डीजल का स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है और कुछ पंपों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अफवाहों और संभावित कमी की आशंका के चलते लोग बड़ी मात्रा में ईंधन खरीद रहे हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए तत्काल प्रभाव से अतिरिक्त कदम उठाए जाएं और आम जनता में किसी भी प्रकार की घबराहट न फैलने दी जाए। मछुआरों को डीजल उपलब्ध कराने में आई कठिनाई समीक्षा के दौरान मत्स्य पालन क्षेत्र में ईंधन आपूर्ति को लेकर भी विशेष चिंता जताई गई। इस क्षेत्र में डीजल की खपत अधिक होती है और आमतौर पर इसे ड्रमों में खरीदा जाता है। वर्तमान स्थिति के कारण मछुआरों को डीजल उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो सकती है। ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने दिए निर्देश मुख्यमंत्री नायडू ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे मत्स्य पालन और अन्य आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि आम जनता और प्रमुख क्षेत्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। हिदायत/ईएमएस 27अप्रैल26