राष्ट्रीय
27-Apr-2026
...


-भाजपा में शामिल होने के बाद आप पर हमलावर हुए चंडीगढ़,(ईएमएस)। राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। राज्यसभा सांसद चड्ढा ने अपने पहले वीडियो संदेश में आप को “टॉक्सिक वर्क एन्वॉयरमेंट” वाली पार्टी बताते हुए आरोप लगाया कि अब यह चंद भ्रष्ट और समझौता करने वाले लोगों के हाथों में सिमट गई है। आप छोड़ भाजपा में शामिल हुए चड्ढा ने कहा कि पार्टी में काम करने और अपनी बात रखने की स्वतंत्रता नहीं रह गई थी। उनके अनुसार, कुछ लोग व्यक्तिगत फायदे के लिए फैसले ले रहे हैं, जिससे पार्टी अपने मूल उद्देश्यों से भटक गई है। उन्होंने यह भी कहा कि वह पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक रहे हैं, लेकिन अब आप वैसी नहीं रही, जैसी इसे शुरू किया गया था। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कुल सात सांसदों ने पार्टी छोड़ी है, तो क्या सभी गलत हो सकते हैं। चड्ढा ने कहा कि उनके सामने तीन विकल्प थे, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने पार्टी छोड़ना ही उचित समझा। इस बीच सोमवार को राज्यसभा ने आप के सात सांसदों के बीजेपी में विलय को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, विक्रमजीत साहनी, हरभजन सिंह, डॉ. संदीप पाठक, स्वाति मालीवाल और राजिंदर गुप्ता अब आधिकारिक रूप से भाजपा के सांसद बन गए हैं। इस घटनाक्रम के बाद राज्यसभा में भाजपा की ताकत बढ़कर 113 सांसदों तक पहुंच गई है, जो संसद के उच्च सदन में पार्टी की स्थिति को और मजबूत करता है। हिदायत/ईएमएस 27अप्रैल26