खेल
27-Apr-2026


लखनऊ (ईएमएस)। यहां कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के साथ हुए आईपीएल मुकाबले में लखनऊ सुपरजायंट्स को सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद सवाल उठा कि सुपरजायंट्स ने मैच में पांच विकेट लेने वाले अपने तेज गेंदबाज मोहसिन खान को सुपर ओवर में गेंद नहीं दी बल्कि उनकी जगह पर प्रिंस यादव ने गेंदबाजी की। इसका कारण आईपीएल का इम्पैक्ट प्लेयर नियम था। दरअसल, लखनऊ सुपरजायंट्स ने अपनी बल्लेबाजी से पहले मोहसिन को मैदान से बाहर करके मिचेल मार्श को बतौर इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट टीम में शामिल कर लिया था। नियम के अनुसार बार यदि किसी खिलाड़ी को सब्स्टीट्यूट प्लेयर से बदल दिया जाता है, तो वह दोबारा उस मैच में हिस्सा नहीं ले सकता। लखनऊ की टीम को यह अंदाजा नहीं था कि 156 रनों का लक्ष्य इतना चुनौतीपूर्ण हो जाएगा कि मैच सुपर ओवर तक खिंच जाएगा और उसे मोहसिन की जरुरत पड़ेगी। इस रणनीति के कारण ही अनजाने में ही मोहसिन सबसे जरुरी ओवर नहीं कर पाये। मोहसिन खान भले ही सुपर ओवर में गेंदबाजी नहीं कर पाए और उनकी टीम यह रोमांचक मुकाबला हार गई, लेकिन उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया। मोहसिन ने मैच में पांच विकेट लेकर केकेआर को 155 रनों पर ही रोक दिया। वेस्टइंडीज के कार्लोस ब्रैथवेट ने एक कार्याक्रम में मोहसिन की गेंदबाजी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मोहसिन ने एक ही लाइन-लेंथ पर अनुशासित तरीके से गेंदबाजी की और लगातार उसी लेंथ पर प्रहार करते रहे, जो कि एक तेज गेंदबाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ईएमएस 27 अप्रैल 2026