राज्य
27-Apr-2026


* ऑरो यूनिवर्सिटी में दो दिवसीय सम्मेलन और पाँच दिवसीय प्रदर्शनी * टेक्सटाइल, जेम्स-ज्वेलरी, एमएसएमई, स्टार्टअप्स व निवेशकों को मिलेगा वैश्विक मंच गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात सरकार ने वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस के तीसरे संस्करण वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस (वीजीआरसी) - दक्षिण गुजरात की घोषणा की है, जो गुजरात स्थापना दिवस 1 और 2 मई 2026 के दौरान सूरत की ऑरो यूनिवर्सिटी में आयोजित होगा। इस सम्मेलन के साथ, वाइब्रेंट गुजरात रीजनल एग्जिबिशन (वीजीआरई) 1 से 5 मई 2026 के दौरान उसी स्थान पर आयोजित होगा, जो पूरे क्षेत्र के उद्योगों, एमएसएमई, स्टार्टअप संस्थाओं और उद्यमियों के लिए एक उन्नत प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा। 12,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्थापित होने वाला यह प्रदर्शनी सुबह 10:00 बजे शुरू होगा और शाम 6:00 बजे तक जारी रहेगा। तीसरी वीजीआरसी कॉन्फ्रेंस टेक्सटाइल्स, जेम्स एंड ज्वेलरी, एग्रो एंड फूड प्रोसेसिंग, केमिकल्स और पेट्रोकेमिकल्स, टूरिज्म सहित प्रमुख विकास क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेगी तथा इन उच्च-विकास क्षेत्रों की अग्रणी कंपनियां और संस्थाएं भी इसमें भाग लेंगी। रणनीतिक साझेदारी, नीति सहायता और निवेशकों की भागीदारी के माध्यम से, इस कार्यक्रम का उद्देश्य गुजरात के दक्षिणी क्षेत्रों में समावेशी विकास और स्थिरता सुनिश्चित करते हुए औद्योगिक विकास को गति देना है। पूर्व में वाइब्रेंट गुजरात रीजनल एग्जिबिशन (वीजीआरई) जो राजकोट में आयोजित हुआ था, उसकी बात करें तो 11 जनवरी 2026 को कच्छ और सौराष्ट्र के लिए वाइब्रेंट गुजरात रीजनल एग्जिबिशन (वीजीआरई) का उद्घाटन किया गया था। इस दौरान प्रदर्शनी में 450 से अधिक प्रदर्शक शामिल थे, जिनमें 160 से अधिक एमएसएमई, लगभग 60 स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स, लगभग 62 हस्तकला और हस्तशिल्प से जुड़े उन्नत कारीगर तथा केंद्र और राज्य सरकार के विभागों के 70 स्टॉल शामिल थे। इससे पहले, उत्तर गुजरात क्षेत्र के लिए मेहसाणा में आयोजित पहले रीजनल एग्जिबिशन में 18,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में 410 से अधिक प्रदर्शकों (170+ एमएसएमई सहित), छह थीमैटिक पवेलियन और 80,000 से अधिक आगंतुकों का स्वागत किया गया था। इस वीजीआरई 2026 के दौरान रिवर्स बायर-सेलर मीट, उद्यमी मेले और वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो एमएसएमई, हस्तकला और कुटीर उद्योगों को नए बाजारों से जोड़ने में सहायक होंगे। वाइब्रेंट गुजरात रीजनल एग्जिबिशन एमएसएमई, हस्तकला और कुटीर उद्योगों को भी सेवाएं प्रदान करेगा। इससे हितधारकों को नए बाजारों से जुड़ने में मदद मिलेगी। आगंतुक https://vibrantgujarat.com/registration लिंक पर पंजीकरण कर सकते हैं। गुजरात स्थापना दिवस के अवसर पर मनाई जाने वाली गौरवशाली परंपरा को और अधिक सार्थक बनाते हुए, इस वर्ष सूरत में आयोजित होने वाली वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस (वीजीआरसी) राज्य की विकास यात्रा को नई दिशा देने का संकल्प व्यक्त करती है। 1 मई के इस ऐतिहासिक दिन पर आयोजित यह कार्यक्रम गुजरात के औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक प्रगति के दृष्टिकोण को सशक्त बनाएगा, साथ ही “विकसित भारत@2047” के विजन के अनुरूप क्षेत्रीय विकास, निवेश और वैश्विक संपर्क को प्रोत्साहित करेगा। वीजीआरसी के माध्यम से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसरों का सृजन होगा और गुजरात की विकासगाथा को और गति मिलेगी। सतीश/27 अप्रैल