पटना, (ईएमएस)। पटना जिले के खुशुरूपुर थाना क्षेत्र में 2 अप्रैल को हुए हत्या कांड का बिहार पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य अभियुक्त संजीत कुमार को झारखंड से गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय अनुसंधान (ह्यूमन इंटेलिजेंस) के आधार पर लगातार छापेमारी की। इसी क्रम में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी की लोकेशन झारखंड में चिन्हित की गई। अनुसंधान के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने झारखंड में दबिश देकर मुख्य आरोपी संजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भी पहचान की जा रही है। इस संबंध में फतुहा-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी तरीकों का उपयोग करते हुए इस मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। वहीं, पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि इस घटना से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके। संतोष झा- २७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस