राज्य
27-Apr-2026


वाराणसी (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम घमहापुर में सड़क किनारे बर्तन धोते समय महिला को कार से टक्कर लग जाने के बाद हुए विवाद में परिजनों और ग्रामीणों ने कार चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि बीती रात करीब 10ः30 बजे एक कार ने अनियंत्रित होकर घमहापुर निवासी बिंदू देवी (40) को टक्कर मार दी। घटना के बाद कार चालक मनीष सिंह (घमहापुर निवासी) के साथ घायल महिला के परिजनों और ग्रामीणों ने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट इतनी बुरी तरीके से हुई कि मनीष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गांव में भारी फोर्स तैनात कर दी है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है। घायल महिला का इलाज चल रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर फूलपुर थाना पुलिस ने आठ नामजद और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या समेत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। नामजद अभियुक्तों में से दो को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच और थाना फूलपुर की संयुक्त टीम गठित की गई है, जो लगातार दबिश दे रही है। जितेन्द्र 27 अप्रैल 2026