उल्हासनगर, (ईएमएस)। बेटी को बात करने से मना करने से गुस्साए एक युवक द्वारा घर में घुसकर तलवार के दम पर महिला और उसके परिवार पर हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार उल्हासनगर के कैंप तीन परिसर में रहने वाली ४० वर्षीय एक महिला ने 18 वर्षीय विष्णु परिहार नाम के युवक के खिलाफ मध्यवर्ती पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कार्रवाई है। अपनी शिकायत में उन्होंने पुलिस को बताया कि 26 अप्रैल को दोपहर करीब 2.30 बजे विष्णु परिहार जबरन उनके घर में घुस आया। दरअसल उन्होंने अपनी बेटी को उससे बात करने से मना किया था। इसी गुस्से में परिहार तलवार लेकर घर में दाखिल हुआ, गाली-गलौज की और उनकी बेटी तथा जेठानी के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान उसने धमकी देते हुए कहा, तुम लोगों को अभी जिंदा छोड़ रहा हूं, लेकिन मैं फिर से आऊंगा। इसके बाद उसने तलवार लहराकर डर का माहौल बनाया और मौके से फरार हो गया। इतना ही नहीं उसने उनकी सुजुकी कंपनी की एक्सेस 125 (एमएच-05-ईसी-5738) स्कूटर को भी नुकसान पहुंचाया। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के तहत विष्णु परिहार के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। मामले की जाँच सहायक पुलिस निरीक्षक दीपाली वाघ कर रही हैं। संतोष झा- २७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस